पेपर लीक के विरोध में इको गार्डन में 12 से 18 जून तक प्रस्तावित प्रदर्शन को लखनऊ पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आयोजकों ने वार्ता के लिए संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया, जिसके चलते आवेदन निरस्त किया गया। वहीं, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने हर हाल में प्रदर्शन करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन पार्टी प्रतिनिधि विवेक कुमार की ओर से दिया गया था। कार्यक्रम 12 जून से 18 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक थाना आलमबाग क्षेत्र स्थित इको गार्डन में प्रस्तावित था।
लखनऊ पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आयोजकों और उनके प्रतिनिधियों से कई बार संपर्क करने तथा वार्ता के लिए बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही कोई प्रतिनिधि मिलने पहुंचा। इसी कारण अनुमति संबंधी आवेदन को निरस्त कर दिया गया।
वहीं, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने हर हाल में प्रदर्शन करने का दावा किया है। संगठन के लखनऊ यूनिट अध्यक्ष शांतम निधि ने इस संबंध में एक वीडियो जारी कर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।
पुलिस द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के बावजूद प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की सक्रियता बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में इको गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।
