उज्जैन। सिंहस्थ प्रोजेक्ट के तहत सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रही शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर सोमवार को उज्जैन में तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ को हटाने के दौरान महिला थाना प्रभारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
हंगामे के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि, दोपहर में एक बार फिर पथराव की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के बीच नमाज के समय कुछ देर के लिए तोड़फोड़ की कार्रवाई रोकी गई, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
पुलिस ने मामले में 15 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इनमें कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी शामिल हैं। पुलिस की ओर से इन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है।
हाईकोर्ट ने याचिका की खारिज
विवाद के बीच मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने सड़क चौड़ीकरण का काम जारी रखने की अनुमति दी और मस्जिद के हिस्से को तोड़ने की अनुमति देने वाले आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
15 धर्मस्थल सड़क के दायरे में
सिंहस्थ प्रोजेक्ट के तहत उज्जैन में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस परियोजना के लिए 323 मकानों को हटाया जाना प्रस्तावित है। सड़क के दायरे में कुल 15 धर्मस्थल भी आ रहे हैं। इनमें से अब तक 12 धर्मस्थलों को हटाया जा चुका है।
शाही मस्जिद का करीब 9 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा हिस्सा भी प्रस्तावित सड़क की सीमा में आ रहा है। इसी हिस्से को हटाने को लेकर विवाद बढ़ा।
मस्जिद की उम्र को लेकर अलग-अलग दावे
मस्जिद की पुरातनता को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। उपलब्ध दस्तावेजों में मस्जिद के 100 साल से ज्यादा पुरानी होने की पुष्टि होने की बात कही गई है। वहीं, मस्जिद के इमाम का दावा है कि यह मस्जिद 600 साल से ज्यादा पुरानी है।
फिलहाल हाईकोर्ट के फैसले के बाद सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, पथराव और पुलिस कार्रवाई के मामले में हिरासत और FIR के बाद पुलिस की जांच जारी है।

