भोपाल : में रिटायर्ड जज की बहू और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के 12 दिन बाद रविवार को ट्विशा का अंतिम संस्कार भदभदा श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान पूरा परिवार गम में डूबा नजर आया। ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी, जबकि मां और अन्य परिजन बिलख-बिलख कर रोते रहे।
![]() |
| एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा |
अंतिम संस्कार से पहले रविवार को भोपाल AIIMS में ट्विशा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया गया। नई दिल्ली AIIMS की फॉरेंसिक टीम ने करीब तीन घंटे तक जांच प्रक्रिया पूरी की। डॉक्टरों ने बताया कि अभी कई महत्वपूर्ण लैब जांच बाकी हैं, जिनमें हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा एनालिसिस शामिल है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
AIIMS दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तैयार होने में अभी समय लगेगा। टीम नमूनों, फोटोग्राफ्स, वीडियो और अन्य दस्तावेजों के साथ सोमवार को दिल्ली लौटेगी।
गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियां बटोर ली हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच इस केस पर सुनवाई करेगी। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी मामले की जांच CBI से कराने पर सहमति दे दी है।
इधर, भोपाल पुलिस की 7 दिन की रिमांड पर चल रहे पति समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है। समर्थ ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन प्रेग्नेंसी की पुष्टि के बाद ट्विशा के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। उसने दावा किया कि ट्विशा ग्लैमर वर्ल्ड और घरेलू जीवन के बीच खुद को असहज महसूस करती थीं, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
समर्थ के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों ने साथ समय बिताया, खाना खाया और वॉक भी की। बाद में परिवार से बात करते समय ट्विशा भावुक हो गईं। कुछ देर बाद परिवार ने उन्हें छत पर फंदे से लटका पाया। समर्थ ने कहा कि उसने उन्हें नीचे उतारकर CPR दिया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि पुलिस इस बयान को पूरी तरह सच मानने को तैयार नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी दे सकता है। घटना वाले दिन की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
इस बीच भोपाल कोर्ट में समर्थ की मां गिरिबाला की जमानत निरस्त करने के लिए भी आवेदन लगाया गया है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी। ट्विशा शर्मा की मौत अब सिर्फ एक पारिवारिक मामला नहीं रह गई है, बल्कि यह देशभर में महिलाओं की सुरक्षा, मानसिक दबाव और हाई-प्रोफाइल मामलों की निष्पक्ष जांच को लेकर बड़ा सवाल बनती जा रही है।

.jpeg)
.jpeg)